श्री परशुराम शक्ति सेना ने मनाई अमर शहीद मंगल पांडे की जयंती, प्रतिमा पर अर्पित की श्रद्धांजलि

Spread the love

जमशेदपुर: श्री परशुराम शक्ति सेना की ओर से रविवार शाम टाटा पिगमेंट गेट के समीप स्थित शहीद मंगल पांडे चौक पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायक और अमर शहीद मंगल पांडे की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री परशुराम शक्ति सेना के केंद्रीय अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अमर शहीद मंगल पांडे मां भारती के सच्चे सपूत थे। उनके द्वारा ही 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का बिगुल फूंका गया, जिसने पूरे देश को अंग्रेजी शासन के विरुद्ध एकजुट होने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को मंगल पांडे के राष्ट्रप्रेम, साहस और बलिदान से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उनके आदर्श आज भी देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को समाज सदैव सम्मान और गर्व के साथ याद करता रहेगा।

कार्यक्रम में सौरभ पाठक, दीपक पांडे, राजा ओझा, लव कुश उपाध्याय, दीपक झा, कार्तिक झा, आदित्य भारद्वाज, आर.पी. पांडे सहित श्री परशुराम शक्ति सेना के पदाधिकारी, सदस्य और समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।