सरायकेला के मिडिल स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को साइबर अपराध, नशा और महिला सुरक्षा की दी जानकारी

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र स्थित मिडिल स्कूल दाताम में शनिवार को छात्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों, कानूनी अधिकारों, साइबर सुरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, सभी शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान तिरुलडीह थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के महत्व और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालती है। इसके अलावा महिला अपराध, बाल विवाह, महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।

छात्रों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं करने और लालच भरे फोन कॉल या ऑनलाइन संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में बच्चों को बाल अपहरण जैसी अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध घटना की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। साथ ही सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर भी जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों को आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और इमरजेंसी सेवा 112 के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी छात्रों के बीच कॉपी और पेन वितरित किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।