हजारीबाग में गर्भाशय ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने नर्सिंग होम पर लापरवाही का लगाया आरोप

Spread the love

हजारीबाग: जिले के नवाबगंज स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम में शनिवार को गर्भाशय (यूटेरस) के ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पदमा प्रखंड के टिलैडीह गांव निवासी सुशीला देवी (पति–किशोरी भुइयां) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।

परिजनों के अनुसार, सुशीला देवी को ऑपरेशन के लिए नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला की तबीयत बिगड़ने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने समय पर सही जानकारी नहीं दी और न ही बेहतर इलाज के लिए किसी उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने हेतु रेफरल प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, न्याय और उचित मुआवजे की मांग की। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ समय तक अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। महिला की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। यह जांच का विषय है कि ऑपरेशन या उपचार के दौरान किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।