चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले की चांडिल थाना पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, वादी मिलन ऑथेंटिक की हीरो होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या- JH05BT1692) हाल ही में चांडिल बाजार से चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर चांडिल थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल थाना प्रभारी संतोष तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली और घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन बागती उर्फ चंदू बागती और शिवा सरदार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बागुनहातु डी ब्लॉक (रोड नंबर-07) के निवासी हैं।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे भी जांच कर रही है।

