सरायकेला: विश्व मादक पदार्थ निषेध दिवस एवं यातना पीड़ितों के समर्थन में अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को छोटा गम्हरिया स्थित वात्सल्य शेल्टर होम में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं पब्लिक पार्टिसिपेशन डेवलपमेंट सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।


कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य सैयद अयाज हैदर, एलएडीसी विजय कुमार महतो, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी (डीसीपीओ) संतोष ठाकुर, पीएलवी, पब्लिक पार्टिसिपेशन डेवलपमेंट सेंटर के सचिव प्रमोद कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष ज्योति सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन के पदाधिकारी, शेल्टर होम की बालिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बाल संरक्षण विशेषज्ञ पिजूस सेनगुप्ता ने किशोर न्याय अधिनियम (जे.जे. एक्ट), जे.जे. नियमावली तथा होम मैनेजमेंट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, संस्थागत देखभाल और बाल संरक्षण कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में नशाखोरी, बाल अधिकार, मानव तस्करी, बाल शोषण तथा हिंसा मुक्त समाज जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर पब्लिक पार्टिसिपेशन डेवलपमेंट सेंटर के सचिव प्रमोद कुमार वर्मा ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने समाज से नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

