पलामू में सड़क हादसे के बाद बवाल, पुलिस चौकी में तोड़फोड़ मामले में 34 नामजद व 150 अज्ञात पर FIR

Spread the love

पलामू: पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में सड़क हादसे के बाद हुए हंगामे और पुलिस चौकी में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में 34 नामजद और 150 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, स्थायी पुलिस चौकी में तोड़फोड़ करने, कानून-व्यवस्था भंग करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में एक राजनीतिक दल के कुछ स्थानीय नेताओं के नाम भी शामिल किए गए हैं।

डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि गुरुवार को पोखराहा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग बाइपास के पास हुए सड़क हादसे में मजीद अंसारी की मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान भीड़ ने स्थायी पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद पुलिस ने पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।