चतरा की बंद पत्थर खदान में महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

Spread the love

चतरा: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बंद पत्थर खदान से अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। नवाडीह पनारी पंचायत के जाजलो बाजार स्थित करीब दो दशक से बंद पड़ी खदान के पानी में शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार सुबह कुछ ग्रामीण दैनिक कार्य के लिए खदान की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे महिला के शव पर पड़ी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना की सूचना हंटरगंज थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और की गई हो सकती है और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बंद खदान में फेंका गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मौत दो से चार दिन पहले हुई होगी।

घटनास्थल बिहार-झारखंड सीमा के निकट होने के कारण पुलिस अंतरराज्यीय पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा मृतका की पहचान के प्रयास जारी हैं।