सरायकेला के स्कूलों में आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर और योग अभ्यास, 258 विद्यार्थियों की हुई स्वास्थ्य जांच

Spread the love

सरायकेला: विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संवर्धन और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न विद्यालयों में आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 258 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। साथ ही योग प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया और नियमित योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय कदमडिया में डॉ. डिंपल कुंकल ने 51 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की। योग प्रशिक्षक भवानी शंकर साहू ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया। शिविर के संचालन में सहिया नीला पाड़िहारी ने सहयोग किया।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय में डॉ. सोनाली प्रगति बेंजामिन ने 47 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पेट दर्द, सिरदर्द, खुजली, त्वचा रोग और सर्दी-जुकाम जैसी सामान्य समस्याओं के लिए दवाएं वितरित की गईं। योग प्रशिक्षक राकेश साहू और सरिता महतो ने विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराया।

उत्क्रमित उच्च विद्यालय, उदयपुर में डॉ. यास्मीन हैदरी ने 65 विद्यार्थियों की जांच कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया। योग प्रशिक्षक जितेंद्र नाथ महतो ने विद्यार्थियों को नियमित योग के लाभ बताते हुए अभ्यास कराया।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भंडारीसाई में डॉ. प्रीति कुमारी ने 50 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में पेट दर्द, सिरदर्द, त्वचा रोग, सर्दी-जुकाम और कमजोरी जैसी समस्याओं के लिए दवा एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। योग प्रशिक्षकों खेला मुर्मू, कलावती महतो और सीता सोरेन ने योगाभ्यास कराया।

जगन्नाथपुर स्थित विद्यालय में डॉ. प्रभा ने 45 विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की। यहां भी सर्दी, खांसी और पेट दर्द जैसी समस्याओं के लिए निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। योग प्रशिक्षक रसमनी ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया। शिविर के सफल आयोजन में सहिया उषा कुमारी और सोनामुनी टुडू ने सहयोग किया।

जिला प्रशासन ने बताया कि इन स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, सामान्य बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा योग के माध्यम से स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देना है। सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य एवं योग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।