रांची/खूंटी: केरल के वायनाड जिले में सुरंग निर्माण परियोजना के दौरान हुए भूस्खलन में झारखंड के एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड अंतर्गत पतपुर के जरिया पंचायत निवासी 25 वर्षीय अनमोल डोडराय के रूप में हुई है। इस हादसे में कुल तीन लोगों की जान गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं और पांच लोगों के लापता होने की भी सूचना है।


अनमोल डोडराय अपने परिवार के सबसे बड़े बेटे और एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में उनकी दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा भाई स्कूल में पढ़ाई कर रहा है। परिजनों के अनुसार अनमोल ने पिछले वर्ष बीए की पढ़ाई पूरी की थी और फरवरी 2026 में वायनाड की सुरंग परियोजना में मजदूर के रूप में कार्य शुरू किया था।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन अब भविष्य और आर्थिक संकट को लेकर चिंतित हैं। खूंटी के श्रम अधीक्षक वाल्टर कुजूर ने बताया कि प्रशासन की ओर से पार्थिव शरीर को झारखंड लाने की व्यवस्था की जा रही है। राज्य प्रवासन नियंत्रण कक्ष की टीम ने वायनाड प्रशासन से समन्वय स्थापित किया है। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को बुधवार शाम तक विमान से रांची लाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
उधर, केरल सरकार ने सुरंग परियोजना में हुए भूस्खलन की तकनीकी और कानूनी जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह भी देखा जाएगा कि निर्माण एजेंसी ने पर्यावरण स्वीकृति की शर्तों का पालन किया था या नहीं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही सुरंग निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।

