ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

Spread the love

रांची: ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में संचालित प्रमुख ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार से शिष्टाचार मुलाकात भी की।

समीक्षा बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), वीबी-जी राम-जी योजना तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) सहित अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की उपलब्धियों, वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल संचालन के लिए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय आवश्यक है। नियमित निगरानी के साथ निर्धारित समय सीमा में लक्ष्यों को पूरा करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान स्वाति शर्मा विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का भी निरीक्षण करेंगी। इस दौरान अधिकारियों के साथ योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर आगे की रणनीति और कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।

बैठक में मनरेगा आयुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल, विशेष कार्य पदाधिकारी बजेंद्र हेमरोम सहित ग्रामीण विकास विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।