पटना : बिहार के करीब 12 लाख किसानों को कृषि विभाग के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। बिहार कृषि ऐप के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं, अनुदान, आवेदन की स्थिति, भुगतान संबंधी जानकारी और अन्य कृषि सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य किसानों तक सुविधाओं को आसान और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।


इस ऐप में किसानों को मौसम की जानकारी, फसलों के बाजार भाव, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कृषि सलाह और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी सूचनाएं मिलेंगी। साथ ही किसान अपने आवेदन और लाभ की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे। कृषि विभाग का मानना है कि इससे किसानों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे और सेवाएं तेजी से मिल सकेंगी।
विभाग के अनुसार, ऐप को किसानों के लिए एक सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। इसके जरिए कृषि योजनाओं, बाजार, मौसम और अन्य जरूरी सुविधाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित की जा रही है, जिससे राज्य के लाखों किसानों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

