भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज FIR की धाराओं की समीक्षा की मांग, विधायक पूर्णिमा साहू ने SSP से की मुलाकात

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू ने शहर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. इम्तियाज एहतेशाम वकारीब से मुलाकात कर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी (FIR) में लगाई गई धाराओं की समीक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी थी, लेकिन उनके खिलाफ ऐसी धाराएं लगाई गई हैं जो घटनास्थल की वास्तविक परिस्थितियों से मेल नहीं खातीं।

विधायक ने कहा कि प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351, 353, 190 और 191 लगाई गई हैं, जबकि प्रदर्शन के दौरान न तो किसी प्रकार की हिंसा हुई और न ही सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से गंभीर धाराओं में फंसाने का प्रयास किया गया है।

पूर्णिमा साहू ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुलिस को घटनास्थल की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन कर यह तय करना चाहिए कि प्राथमिकी में लगाई गई धाराएं उचित हैं या नहीं।

बैठक के दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे नशे के कारोबार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने वर्तमान एसएसपी के कार्यभार संभालने के बाद पुलिस की कार्रवाई में आए बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी और थाना स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें सकारात्मक पहल हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराध और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए भाजपा पुलिस को हरसंभव सहयोग करेगी तथा क्षेत्र से मिलने वाली सूचनाएं प्रशासन तक पहुंचाती रहेगी। विधायक ने यह भी कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए थाना स्तर पर जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

गौरतलब है कि 3 जुलाई को हिमांशु हत्याकांड और शहर में बढ़ते अपराध के विरोध में भाजपा ने जमशेदपुर बंद का आह्वान किया था। इस दौरान हुए प्रदर्शन के बाद टेल्को थाना क्षेत्र में भाजपा के करीब 18 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब भाजपा ने इस मामले में दर्ज धाराओं की समीक्षा की मांग पुलिस प्रशासन से की है।