21 जुलाई मशाल जुलूस और 22 जुलाई जेपीएससी घेराव को लेकर भाजयुमो ने तेज की तैयारी, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां

Spread the love

जमशेदपुर: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने 21 जुलाई को प्रस्तावित मशाल जुलूस और 22 जुलाई को रांची में होने वाले जेपीएससी कार्यालय घेराव कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को साकची स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित रणनीतिक बैठक में दोनों कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर सफल बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता भाजयुमो महानगर अध्यक्ष नितीश कुशवाहा ने की, जबकि भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिला, मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं। साथ ही युवाओं और छात्रों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा हमेशा युवाओं के हितों की आवाज उठाती रही है और झारखंड के युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेपीएससी परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता युवाओं की मांगों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगा।

भाजयुमो महानगर अध्यक्ष नितीश कुशवाहा ने कहा कि संगठन पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई का मशाल जुलूस युवाओं के आक्रोश और न्याय की मांग का प्रतीक होगा, जबकि 22 जुलाई को रांची में प्रस्तावित जेपीएससी कार्यालय घेराव राज्य के अभ्यर्थियों की आवाज को मजबूती देगा। उन्होंने युवाओं, छात्रों और कार्यकर्ताओं से दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

बैठक में राज्य एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।