जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित छोटा बांकी डैम में रविवार शाम नहाने के दौरान 16 वर्षीय राहुल लापता हो गया। राहुल जेम्को का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


जानकारी के अनुसार, राहुल अपने कुछ दोस्तों के साथ छोटा बांकी डैम में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह जैसे ही पानी के अंदर गया, उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूबकर लापता हो गया। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में गायब हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राहुल के परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च अभियान शुरू कराया। बाद में गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम डैम में लगातार राहुल की तलाश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पूरे इलाके में घटना को लेकर चिंता और बेचैनी का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और राहुल का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

