जमशेदपुर: मॉनसून के दौरान मैंगो क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) और जन सुविधा समिति ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने रविवार को मैंगो के विभिन्न इलाकों का दौरा कर नालों की स्थिति का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान टैंक रोड, कालिका नगर चौक, उलीडीह, खानका, कालिका नगर रोड नंबर-3 तथा कुटकुट डुंगरी रोड नंबर-6 सहित कई प्रमुख नालों का निरीक्षण किया गया। प्रतिनिधियों का आरोप है कि बारिश से पहले मई माह में नालों की सफाई के लिए जारी किए गए अधिकांश टेंडरों पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।
कालिका नगर रोड नंबर-3 स्थित नाले के स्लैब को सफाई के नाम पर तोड़ दिए जाने के बावजूद डेढ़ माह बाद भी मरम्मत नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले महापौर, उपमहापौर और नगर निगम के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर जल्द कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई प्रगति नहीं हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने कुटकुट डुंगरी रोड नंबर-6 के मुख्य नाले का भी निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क और आसपास के घरों में भर रहा है। उनका कहना है कि नगर निगम चुनाव से पहले नाले की सफाई हुई थी, लेकिन उसके बाद दोबारा सफाई नहीं कराई गई।
जदयू और जन सुविधा समिति के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कई विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि मैंगो क्षेत्र में नालों की सफाई, विकास योजनाओं और अन्य जन सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाएगी तथा जिन योजनाओं पर टेंडर जारी होने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ है, उनकी जानकारी भी सार्वजनिक की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, वार्ड पार्षद राजू प्रजापति, जन सुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

