दिल्ली अग्निकांड के बाद बोकारो में होटलों की फायर सेफ्टी जांच के आदेश

Spread the love

दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद देशभर में होटल प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और भवन मानचित्र स्वीकृति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी क्रम में बोकारो जिला प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए जिले के सभी होटलों की जांच के आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त अजय नाथ झा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चास और बेरमो एसडीएम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रशासन को कुछ होटलों में फायर एग्जिट मार्गों पर सामान रखे जाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की शिकायतें मिली हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों के उल्लंघन या फायर सेफ्टी में कमी पाए जाने पर संबंधित होटलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें होटल बंद करने तक की कार्रवाई शामिल है। जिले में संचालित तीन सितारा होटलों समेत तीन दर्जन से अधिक होटल अब प्रशासन की निगरानी में रहेंगे।