बोकारो: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से 23 वर्षीय बाइक सवार की मौत, मुआवजे के लिए सड़क जाम

Spread the love

बोकारो के बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में सड़क हादसे में 23 वर्षीय बाइक सवार श्याम लाल हेंब्रम की मौत हो गई। घटना पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के धवैया गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, श्याम लाल बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। बताया गया कि मृतक शादीशुदा थे और उनका एक बच्चा भी है।

युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने धवैया-पेंक मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर का इस्तेमाल कथित रूप से कोयला चोरी में किया जा रहा था। हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ट्रैक्टर और उसके चालक से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।