बोकारो में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान उत्तर छोटानागपुर क्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने जिले के पुलिस अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग और जनता के साथ मजबूत संबंध स्थापित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी, सभी डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद थे। आईजी ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम जनता के साथ विश्वास और समन्वय को मजबूत करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और जनता का भरोसा बढ़ाने पर जोर दिया।


आईजी ने हाल के दिनों में बोकारो जिले से जुड़े हाईकोर्ट में लंबित मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रक्रियागत त्रुटियों के कारण पुलिस अधिकारियों को डीजीपी से लेकर एसपी स्तर तक कोर्ट में जवाब देना पड़ रहा है, जो गंभीर विषय है। उन्होंने यह भी बताया कि नए एसपी ने इस दिशा में पुलिस अधिकारियों और हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं के साथ बैठक की है। उम्मीद जताई गई कि सुधारात्मक कदमों से भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सकेगा और कोर्ट मामलों का समय पर निपटारा सुनिश्चित होगा।

