लोहरदगा जिले के सनेहा थाना क्षेत्र अंतर्गत आरू गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पुराने जलमीनार के पास एक नवजात शिशु का शव मिला। शव मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना कई दिन पुरानी हो सकती है। कुछ ग्रामीणों का मानना है कि किसी आवारा या जंगली जानवर ने शव को कहीं और से लाकर यहां छोड़ दिया होगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर हर पहलू से जांच की जा रही है।



