बोकारो थर्मल: सेवानिवृत्त CCL कर्मचारी से पेंशन और CMPF भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर कथित रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को CBI ने कथारा क्षेत्र के गोविंदपुर प्रोजेक्ट कार्यालय में कार्रवाई करते हुए दो क्लर्कों को पकड़ा है।


पकड़े गए कर्मचारियों की पहचान CMPF डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज के रूप में हुई है। मामला जनता नगर निवासी रसूल जमा से जुड़ा है। वह करीब सात महीने पहले सर्वे विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। आरोप है कि पेंशन और CMPF भुगतान की प्रक्रिया के लिए दोनों कर्मचारियों ने उनसे ₹18 हजार की मांग की थी।
रिश्वत की मांग से परेशान रसूल जमा ने धनबाद स्थित CBI कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद CBI ने दोनों कर्मचारियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही रसूल जमा ने कथित तौर पर ₹18 हजार की राशि दोनों को दी, पहले से मौजूद CBI टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद दोनों कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। CBI मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

