झारखंड: राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आश्वासन के बाद अपना प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल 20 दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। 16 सितंबर को मंत्री के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर चर्चा हुई। संघ के अनुसार, सरकार ने 15 से 20 दिनों के भीतर मांगों पर विचार कर समाधान का भरोसा दिया है। इसी आश्वासन के बाद आंदोलन टालने का फैसला लिया गया। (Jagran)


झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि सरकार के भरोसे पर फिलहाल आंदोलन रोका गया है। संघ ने सभी जिलों के पदाधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी है। उन्होंने कहा कि तय समय में मांगों का समाधान नहीं होने पर 6 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।
संघ के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 6 से 9 अक्टूबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। 9 अक्टूबर को सिविल सर्जन कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक कैंडल मार्च, 12 अक्टूबर को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष भिक्षाटन और 14 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
16 अक्टूबर को राज्यव्यापी एक दिवसीय पूर्ण हड़ताल के साथ नामकुम स्थित NHM कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा। संघ ने कहा है कि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। (https://cnewsbharat.com/)

