गोंडा :राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गड़बड़ी के आरोपों के बीच पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर के चढ़ावे में चोरी हुई है, लेकिन वह इस मामले में खुलकर कुछ नहीं कह सकते। बृजभूषण ने दावा किया कि यदि वह पूरी सच्चाई बोलेंगे तो परेशानी में पड़ जाएंगे क्योंकि इसमें बहुत प्रभावशाली लोग शामिल हैं।


अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की काफी जानकारी है, लेकिन फिलहाल सच बोलने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि समय आने पर वह इस विषय पर विस्तार से बोल सकते हैं। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति या संस्था का नाम नहीं लिया।
राम मंदिर चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच बृजभूषण के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। इस मामले में पारदर्शी जांच की मांग पहले से उठ रही है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

