रामगढ़ में CCL कर्मी रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, CBI की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

रामगढ़: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को रामगढ़ जिले के बरका-सयाल क्षेत्र में रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीसीएल (CCL) के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण सिन्हा के रूप में हुई है, जो सीसीएल के सुंदा क्षेत्रीय स्टोर में कार्यरत बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीआई को आरोपी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद एजेंसी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत सीबीआई की टीम ने आरोपी को एक मजदूर से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम आरोपी को अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही आरोपी से जुड़े परिसरों की भी जांच की गई और मामले से संबंधित साक्ष्य जुटाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की तलाशी ली गई।

सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की गहन जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि रिश्वत किस कार्य के बदले मांगी गई थी और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद सीसीएल क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई की इस कार्रवाई को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।