कोडरमा में जंगली हाथियों का उत्पात, कई घरों और स्कूल को पहुंचाया नुकसान

Spread the love

कोडरमा: जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने एक बार फिर ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार रात गांव में पहुंचे हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड गोलगो गांव पहुंचा, जहां उन्होंने कई घरों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने मकानों की दीवारें और अन्य संरचनाएं तोड़ दीं, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक क्षति हुई। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीण पूरी रात दहशत में रहे।

हाथियों के झुंड ने गांव के एक स्कूल परिसर को भी नहीं छोड़ा। स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो और अधिक नुकसान हो सकता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से हाथियों का झुंड सतगांव और मेखातरी क्षेत्र के आसपास देखा जा रहा था। बाद में यह झुंड डोमचांच क्षेत्र में पहुंच गया और गोलगो गांव से होते हुए धोधाकोला की दिशा में बढ़ गया।

घटना के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। अधिकारी लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।