गुमला जिले में डोडा तस्करी के एक बड़े मामले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बसुआ गांव निवासी जीवन उरांव के रूप में हुई है। यह कार्रवाई सोमवार देर रात स्थानीय पुलिस के सहयोग से चलाए गए संयुक्त अभियान में की गई।


जानकारी के अनुसार, 16 मई 2026 को राजस्थान के जयपुर में नारकोटिक्स अधिकारियों ने 1,868 किलोग्राम डोडा बरामद किया था। इस मामले की जांच के दौरान जीवन उरांव का नाम सामने आया था, जिसके बाद उसे आरोपी बनाया गया। जांच एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।
सीबीएन को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने पैतृक गांव बसुआ में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से डोडा तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ से तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है और कई अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। मामले में आगे और बड़े खुलासे तथा कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

