पूर्वी सिंहभूम में वर्ष 2026 के विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त Rajeev Ranjan ने प्रेस वार्ता कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस दौरान मतदाताओं के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और दस्तावेजों से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।


निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे नवीनतम फोटो के साथ भरकर जमा करना होगा। राज्य से बाहर रह रहे प्रवासी मजदूरों और छात्रों के परिवारजन भी हस्ताक्षरित प्रपत्र इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से भेज सकेंगे।
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी।
प्रशासन के अनुसार, जिन मतदाताओं का नाम पूर्व की विशेष गहन पुनरीक्षण सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं जिन मतदाताओं या उनके माता-पिता का नाम पूर्व सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्वप्रमाणित प्रति जमा करनी होगी। इनमें जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी दस्तावेज शामिल हैं।
मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा निर्वाचन संबंधी जानकारी ECINet वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से भी प्राप्त की जा सकेगी। मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

