कपाली ओपी क्षेत्र में आदिवासी महिला अल्पना महाली के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक Nidhi Dwivedi द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जिलेभर में चर्चा हो रही है। मामले की प्रारंभिक जांच के बाद कपाली ओपी प्रभारी, एक एएसआई और एक सिपाही को निलंबित कर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर जिस तेजी से कार्रवाई हुई, उससे पुलिस प्रशासन के प्रति जनता का भरोसा मजबूत हुआ है। लोगों ने इसे निष्पक्ष और संवेदनशील प्रशासनिक कदम बताया है।
इधर मामले को लेकर लगातार सक्रिय रहे दिनकर कच्छप पर भी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अभिलेखों की जांच में उसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, धोखाधड़ी, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जमशेदपुर पुलिस ने दिनकर कच्छप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उससे विभिन्न मामलों में पूछताछ की जा रही है और दर्ज मामलों की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जांच के दौरान कुछ अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अल्पना महाली मामले में जहां दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है, वहीं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और कानून के शासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है।

