चांडिल वायरल वीडियो मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिस कर्मी यमुना राम निलंबित

Spread the love

सरायकेला-खरसावां/चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र के रुचाप गांव में हुए विवाद और पुलिस कर्मी द्वारा कथित अभद्र व्यवहार के वायरल वीडियो मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने चांडिल थाना में पदस्थापित पुलिस कर्मी यमुना राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस कर्मी को पहले सरायकेला पुलिस लाइन वापस बुलाया गया था। इसके बाद पूरे मामले की जांच कराई गई और जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, 10 जून को रुचाप गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे 16 वर्षीय एक नाबालिग के साथ भी कथित रूप से धक्का-मुक्की की गई। घटना की सूचना मिलने पर उसकी मां मौके पर पहुंची और बेटे को अपने साथ घर ले गई।

बाद में पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से की। आरोप है कि जांच के दौरान एक पुलिस कर्मी द्वारा महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखने को मिली।

चांडिल थाना प्रभारी ने बताया था कि विवाद की जांच के लिए पुलिस कर्मी यमुना राम को मौके पर भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि महिला द्वारा पुलिस कर्मी पर ईंट से हमला करने की बात कही गई थी, लेकिन किसी भी परिस्थिति में पुलिस कर्मी का आपा खोना और अनुचित व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

जांच पूरी होने के बाद एसपी निधि द्विवेदी ने संबंधित पुलिस कर्मी को निलंबित करने का आदेश दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस मामले में की गई कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।