रांची से लापता बच्चों के मामले में बड़ा खुलासा, पुरी से एक बच्चा बरामद, अपहरण की आशंका खारिज

Spread the love

रांची: राजधानी रांची से लापता हुए दो बच्चों करण और अर्जुन के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस ने ओडिशा के पुरी से लापता बच्चों में से एक अर्जुन को सकुशल बरामद कर लिया है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि यह मामला अपहरण का नहीं, बल्कि बच्चों के स्वयं घर छोड़कर चले जाने का था।

एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी परस राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की थी। बच्चों के लापता होने के बाद पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान मिले सुरागों से पता चला कि बच्चे ट्रेन के जरिए ओडिशा पहुंचे थे।

लोकेशन ट्रेस होने के बाद रांची पुलिस की टीम पुरी पहुंची और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर अर्जुन को बरामद किया। पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि वह अपने भाई करण और दोस्त शिवा के साथ बिना किसी को बताए घूमने निकल गया था। उसने बताया कि तीनों की समुद्र देखने की इच्छा थी, जिसके कारण वे पुरी पहुंचे और वहां समुद्र तट तथा जगन्नाथ मंदिर का भ्रमण किया।

पैसे खत्म होने पर बच्चों ने लोगों से भोजन मांगा। अर्जुन ने यह भी बताया कि रेलवे पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर उन्होंने अपनी वास्तविक पहचान छिपाई और खुद को अनाथ तथा स्थानीय निवासी बताया, ताकि उन्हें घर वापस न भेजा जाए।

फिलहाल पुलिस को अपहरण जैसी कोई बात सामने नहीं मिली है। वहीं, करण और शिवा की तलाश जारी है। रांची पुलिस ने दोनों बच्चों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने का भरोसा जताया है।