जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा निवासी 45 वर्षीय जुरू गोप की टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि कुछ दिन पहले वह रात में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीसीयू में इलाज के दौरान बुधवार रात करीब 8 बजे उनकी मौत हो गई।


मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने करीब 1.87 लाख रुपये बकाया बिल जमा न होने पर शव सौंपने से इनकार कर दिया। इसके बाद अस्पताल परिसर में विरोध शुरू हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
परिजनों और समर्थकों ने भाजपा नेता विमल बैठा के नेतृत्व में अस्पताल में प्रदर्शन और नारेबाजी की। करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के बाद मामला शांत हुआ, जब अस्पताल प्रबंधन ने बकाया बिल माफ कर दिया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के बेटे अजय गोप ने बताया कि परिवार पहले ही इलाज के लिए घर और जेवर गिरवी रखकर लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च कर चुका था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बाकी राशि देना संभव नहीं था। बाद में जुरू गोप का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

