गोलमुरी में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, महिला से 22 ग्राम सोने की चेन छीनकर बाइक सवार फरार

Spread the love

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू केबल टाउन स्थित नीम रोड में गुरुवार सुबह एक चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता पी स्वाति लक्ष्मी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं, तभी बाइक पर आए दो युवक घर से कुछ दूरी पर रुके। उनमें से एक युवक मोबाइल पर बात करने का नाटक करते हुए महिला के पास पहुंचा और अचानक उनके गले से सोने की चेन झपटकर अपने साथी के साथ फरार हो गया।

पीड़िता के पति पी आनंद राव ने गोलमुरी थाना में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि छीनी गई चेन करीब 22 ग्राम की थी, जिसमें चार लॉकेट लगे हुए थे। छीना-झपटी के दौरान चेन टूट गई और एक लॉकेट मौके पर गिर गया, जबकि बाकी चेन और तीन लॉकेट लेकर आरोपी फरार हो गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।