चतरा में अंतरराज्यीय अफीम तस्कर गिरफ्तार, 11 लाख की 2.5 किलो गीली अफीम बरामद

Spread the love

चतरा: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय अफीम तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 2.5 किलो गीली अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 3,150 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ सनी वर्धन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने चतरा-गया मुख्य मार्ग NH-22 पर लरकुआ मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही एक संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के कोलकोले गांव निवासी पवन कुमार के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान दो मोजों में छिपाकर रखी गई करीब 2.5 किलो गीली अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लावालौंग से अफीम लेकर पंजाब जा रहा था।

सदर एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब गिरोह के मास्टरमाइंड और पंजाब में संभावित खरीदारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।