रांची: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने विधायकों और अधिकारियों के बीच चल रहे विवाद को लेकर सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को उठाते समय शब्दों के चयन और व्यवहार की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। मुद्दा कितना भी गंभीर या आक्रामक क्यों न हो, उसे रखने का तरीका गरिमापूर्ण होना चाहिए।


स्पीकर ने कहा कि किसी विषय पर गुस्से या अमर्यादित भाषा में बात करने से उसकी प्रभावशीलता कम हो सकती है। इसके बजाय यदि वही बात शांत और उचित तरीके से रखी जाए तो उसका असर अधिक प्रभावी होता है।
रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि ऊंची आवाज में बोलना या सामने वाले को छोटा दिखाने की कोशिश करना भी एक तरह की प्रतिहिंसा है। उन्होंने सभी से इस तरह के व्यवहार से बचने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शालीनता और संयम केवल जनप्रतिनिधियों या अधिकारियों तक सीमित नहीं हैं। समाज के हर व्यक्ति को अपनी बात सम्मानजनक तरीके से रखने का प्रयास करना चाहिए।
स्पीकर ने कहा कि मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्हें संवाद और सभ्य व्यवहार के माध्यम से सामने रखना ही बेहतर रास्ता है। उन्होंने सभी पक्षों से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की।

