चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रिंस खान गैंग के दो और गुर्गे गिरफ्तार

Spread the love

चतरा: संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान गैंग के दो अहम सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा निवासी प्रेमचंद सिंह से रंगदारी और फिरौती मांगने के मामले में की गई।

पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सनी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बिहार के भोजपुर से मोहम्मद अशफाक आलम और सद्दाब अंसारी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गैंग के लिए आर्थिक लेन-देन, रेकी करने और शूटरों तक रुपये पहुंचाने का काम करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक वीवो मोबाइल फोन और धन के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच के दौरान मोबाइल और दस्तावेजों से हवाला नेटवर्क, विदेश से होने वाली आर्थिक फंडिंग तथा प्रिंस खान गैंग के शूटरों और सहयोगियों के बीच वित्तीय लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अब इन जानकारियों के आधार पर गैंग के फंडिंग नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की गहन जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सद्दाब अंसारी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ धनबाद के बैंक मोड़ तथा गोविंदपुर थाना में गंभीर मामले दर्ज हैं। इससे पहले इसी मामले में अमन खान, मुर्तजा अंसारी, मोहम्मद नाजिम और कृष कुमार सिंह उर्फ आयुष को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

पुलिस ने दोनों नए आरोपियों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गैंग के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी।