सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के अमरडीह गांव के एक परिवार के साथ मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पश्चिम बंगाल के बलरामपुर के पास टाटा-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-18) पर रथ मेला देखने जा रही ऑटो की तेज रफ्तार लॉरी से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच परिवार के सदस्य ऑटो से बलरामपुर रथ मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार लॉरी ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायलों का इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर एनएच-18 पर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है.

