आदित्यपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला से चेन स्नैचिंग, बाइक सवार बदमाश फरार

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती स्थित नायक होटल के पास बुधवार सुबह करीब 7:09 बजे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पीड़िता की पहचान बबीता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लोग अपने-अपने काम पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर आए दो बदमाश महिला के पास रुके और कुछ ही सेकंड में गले से सोने की चेन छीनकर भीड़भाड़ वाले इलाके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग उन्हें पकड़ नहीं सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 15 से 20 दिनों में आदित्यपुर क्षेत्र में हत्या, मोबाइल और पर्स छिनतई तथा चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

सूचना मिलने पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

स्थानीय लोगों ने संवेदनशील इलाकों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।