रांची: देशभर में सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को रांची में छात्र हुंकार अभियान के तहत विशाल मशाल जुलूस निकाला। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और छात्रों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस ने सभी प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने तथा पेपर लीक मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार लागू करने और युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

