सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी पात्र मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।


उपायुक्त ने कहा कि जिन मतदाताओं को अब तक गणना प्रपत्र (Enumeration Form) प्राप्त नहीं हुआ है या जिन्होंने भरा हुआ प्रपत्र अभी तक जमा नहीं किया है, वे बिना विलंब अपने संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) अथवा बीएलओ सुपरवाइजर से संपर्क करें।
मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा 18 और 20 जुलाई को जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन किया जाएगा। मतदाता मौके पर ही प्रपत्र प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उसे जमा कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) की बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में प्राप्त गणना प्रपत्रों के आधार पर एएसडीडी (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी, जिससे मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-2, बीएलओ और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि शुद्ध मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण आधार है।

