ईंधन महंगाई और NEET लीक पर कांग्रेस का हल्लाबोल, जेल भरो आंदोलन की चेतावनी से सियासी हलचल तेज

Spread the love

कोलकाता : पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, NEET-UG पेपर लीक मामले और फेरीवालों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के विरोध में पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोक भवन के सामने प्रदर्शन किया और राज्यपाल को विभिन्न जनहित मुद्दों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने ईंधन कीमतों में वृद्धि, महंगाई और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों पर सरकारों को घेरा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में कड़ी कार्रवाई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाने की मांग की। पार्टी ने पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की भी मांग रखी। शुभंकर सरकार ने कहा कि यदि जनविरोधी फैसलों को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस कोलकाता से दिल्ली तक जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी। इस दौरान कानून-व्यवस्था, महंगाई और विभिन्न सरकारी नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए गए।