गिरिडीह में अज्ञात शव के दफनाने को लेकर विवाद, ग्रामीणों के विरोध पर शव लेकर लौटी पुलिस

Spread the love

गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के कवईटांड़ गांव में एक अज्ञात शव के दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति खराब होने के कारण उसका पोस्टमार्टम धनबाद में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस शव के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पराखारो पहाड़ी के पास पहुंची थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शव को जल्दबाजी में दफनाने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई थी। इस पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए कहा कि पहले शव की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि यदि वह किसी परिवार का सदस्य हो तो उसके परिजनों को सूचना दी जा सके। ग्रामीणों के विरोध के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस को दफनाने की प्रक्रिया रोकनी पड़ी। अंततः पुलिस शव को वापस लेकर लौट गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले में पारदर्शिता और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।