जमानत मिलते ही चार आरोपियों को पुलिस ने फिर किया गिरफ्तार, गिरिडीह में मामला बना चर्चा का विषय

Spread the love

गिरिडीह में व्यवहार न्यायालय से जमानत मिलने के तुरंत बाद पचंबा थाना पुलिस ने चार आरोपियों को एक अन्य मामले में दोबारा गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित विश्वकर्मा, मंजीत पासवान, किशोर कुमार और आकाश हांडी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को इन चारों को पचंबा थाना कांड में अदालत से जमानत मिली थी, लेकिन गिरिडीह मंडल कारा से बाहर निकलते ही पुलिस ने पहले से दर्ज एक अन्य मामले में उन्हें पुनः हिरासत में ले लिया। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को पचंबा थाना कांड संख्या 16/26 के तहत गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष नगर निकाय चुनाव के दौरान शहर के बक्सीडीह क्षेत्र में हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी में पिता-पुत्र की हत्या हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने कई लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था, वहीं पुलिस ने भी अलग से एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की थी। बताया जा रहा है कि जमानत पर रिहा हुए चारों आरोपियों को इसी दूसरे मामले में पुनः गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामले अलग-अलग एफआईआर से संबंधित हैं और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल चारों आरोपियों को आगे की न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है और पूरे मामले पर लोगों की नजर आगामी सुनवाई पर टिकी हुई है।