जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता जताते हुए राज्य सरकार से जुगसलाई में शीघ्र आधुनिक कचरा निष्पादन केंद्र (सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट) स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था गंभीर संकट का सामना कर सकती है।


प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए अनिल मोदी ने बताया कि शिव घाट के समीप स्थित डंपिंग यार्ड पहले पूरी तरह भर जाने के कारण डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रभावित हो गया था। बाद में डंपिंग यार्ड को व्यवस्थित कर कचरा उठाव दोबारा शुरू किया गया, लेकिन वर्तमान स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो डंपिंग यार्ड फिर से भर जाएगा, जिससे कचरा संग्रहण व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो सकती है और इसका सीधा असर जनस्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि जुगसलाई की बढ़ती आबादी और प्रतिदिन निकलने वाले कचरे की मात्रा को देखते हुए नगर परिषद क्षेत्र में आधुनिक कचरा निष्पादन केंद्र की स्थापना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने मांग की कि जब तक यह संयंत्र स्थापित नहीं हो जाता, तब तक कचरा संग्रहण के लिए वैकल्पिक डंपिंग स्थल की तत्काल व्यवस्था की जाए।
अनिल मोदी ने इस संबंध में नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, सांसद विद्युत वरण महतो, नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान एवं उपाध्यक्ष अर्चना दुबे को भी भेजी गई है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

