आदित्यपुर के 52 वर्षीय मां काली व मां शीतला मंदिर के विकास को लेकर हस्ताक्षर अभियान, मेयर को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-35 स्थित रोड नंबर-14 कुलूपटांगा बस्ती में अवस्थित 52 वर्ष पुराने मां काली मंदिर एवं मां शीतला माता मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर सोमवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य मंदिर परिसर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना तथा दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों मंदिर वर्षों से क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहे हैं। यहां पूरे वर्ष नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हालांकि लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण श्रद्धालुओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने मंदिर विकास की मांग को लेकर यह पहल शुरू की।

यह अभियान भारत की राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी समिति के कोल्हान प्रभारी विशाल कुमार उर्फ बाबू तांती के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और हस्ताक्षर कर मंदिर विकास के समर्थन में अपनी सहमति जताई।

अभियान के बाद क्षेत्र के मेयर संजय सरदार को एक ज्ञापन सौंपकर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक कार्य कराने की मांग की गई।

इस अवसर पर चित्रा देवी, संजू कुमारी, पिंकी गोड़ाई, संध्या कुमारी, राजरानी, ममता गोप, मुनी हेम्ब्रम, सलमा पराया, मोजरी प्रिया, सूरज पूर्ति, मालती देवी, रजनी गोप, बुधिया गोप, लक्ष्मी उरांव, संजू कुंतिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। बाबू तांती ने कहा कि यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक पहचान है और निगम प्रशासन को इसके विकास के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए।