सरायकेला-खरसावां में अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई, दो वाहन जब्त और 22,500 घनफीट बालू बरामद

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 मई 2026 की मध्यरात्रि को जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा तथा चौका थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में NH-33 पर औचक वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान लौह अयस्क से लदे दो वाहन (JH05DL1151 एवं NL01AF5867) द्वारा वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को विधिसम्मत कार्रवाई हेतु जब्त कर चौका थाना में सुरक्षित रखा गया है। मामले में खनन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इसके बाद तड़के सुबह टीम ने स्वर्णरेखा नदी तट स्थित सोड़ो जारगोडीह बालू घाट में अवैध बालू खनन के खिलाफ औचक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान मौके पर अवैध खनन की गतिविधि तो नहीं पाई गई, लेकिन विभिन्न स्थलों पर अवैध रूप से भंडारित करीब 22,500 घनफीट बालू को जब्त किया गया।

जब्त बालू की ई-नीलामी की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में किसी भी स्तर पर अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।