नेतरहाट पर करोड़ों खर्च, महुआडांड़ अब भी बदहाल” — बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर उठी आवाज

Spread the love

महुआडांड़ : Mahuadanr अनुमंडल मुख्यालय होने के बावजूद आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि सरकार का पूरा ध्यान केवल नेतरहाट को पर्यटन हब बनाने पर केंद्रित है, जबकि महुआडांड़ और अंबवाटोली पंचायत विकास की दौड़ में लगातार पीछे छूटते जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अब तक सरकारी डिग्री कॉलेज, आधुनिक अस्पताल, खेल मैदान, क्रिकेट स्टेडियम और बच्चों के लिए पार्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। इसके अलावा बिजली और पेयजल व्यवस्था की स्थिति भी बेहद खराब बनी हुई है। लोगों को नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है और कई इलाकों में शुद्ध पेयजल की समस्या बनी हुई है।

क्षेत्रवासियों ने बेरोजगारी को सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि रोजगार के अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में युवा पलायन करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि नेतरहाट आने वाले पर्यटकों से महुआडांड़ बाजार क्षेत्र को भी लाभ मिल सकता था, लेकिन पर्यटन आधारित योजनाओं का विस्तार यहां तक नहीं हो पाया।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री Hemant Soren, स्थानीय सांसद, विधायक और जिला प्रशासन से महुआडांड़ में डिग्री कॉलेज, अस्पताल संचालन, खेल सुविधाएं, 24 घंटे बिजली, शुद्ध पेयजल योजना और रोजगार आधारित उद्योग स्थापित करने की मांग की है।