सरायकेला में सीआरपीएफ की नशा मुक्ति जागरूकता मुहिम, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

Spread the love

सरायकेला: अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 134वीं बटालियन, दुगुनी द्वारा शुक्रवार को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

बटालियन के कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। अभियान के दौरान नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान “Say No to Drugs, Say Yes to Life” का संदेश प्रमुखता से दिया गया। सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता पोस्टर लगाए गए तथा वाहनों पर नशा मुक्ति से संबंधित स्टिकर चिपकाकर लोगों को जागरूक किया गया। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।

कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ का दायित्व केवल देश की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक कर स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना भी उनकी प्राथमिकता है।

अभियान में द्वितीय कमान अधिकारी दीपेंद्र कुमार, उप कमांडेंट पुरुषोत्तम वर्मा सहित बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान शामिल हुए। सभी ने लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।