जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले के घोषी थाना क्षेत्र स्थित चिरी मोड़ के पास गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में एसटीएफ जवान धीरज कुमार की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी कमर में लगी सरकारी पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो उन्हें जा लगी। घटना के बाद साथी जवान उन्हें तत्काल घोषी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पूरी तरह सुरक्षित रखी गई सरकारी पिस्टल से अचानक गोली कैसे चल गई। जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं पर विचार किया जा रहा है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
मृतक धीरज कुमार नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के सोनसा गांव के निवासी थे। उनकी पत्नी आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं। जवान की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस विभाग ने जवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

