गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा, तेज धारा में बहे दो युवक, गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

Spread the love

बिहार: गुरुवार शाम गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बार पोस्ट ऑफिस घाट पर स्नान करने गए पांच दोस्तों में से दो युवक गंगा की तेज धारा में बह गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के मलिक समुदाय के पांच दोस्त गंगा में स्नान करने के लिए बार पोस्ट ऑफिस घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक सभी युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य युवक तैरकर किसी तरह किनारे तक पहुंचने में सफल रहे।

हालांकि, विकास और रोहित नामक दो युवक गंगा की तेज धारा में बह गए और देखते ही देखते लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

सूचना मिलने पर एसडीपीओ रामकृष्ण पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। उनके निर्देशन में गोताखोरों की टीम गंगा नदी में दोनों लापता युवकों की लगातार तलाश कर रही है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी है।

इस हादसे के बाद दोनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी नदी किनारे जुटकर सर्च ऑपरेशन की जानकारी लेते रहे।

पुलिस का कहना है कि गोताखोरों द्वारा लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। लापता युवकों की तलाश पूरी होने तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहेगा।