बिहार: बाढ़ अनुमंडल के पंचमहला थाना क्षेत्र स्थित नौरंगा जलालपुर निवासी कुख्यात गैंगस्टर सोनू-मोनू के पिता एवं अधिवक्ता प्रमोद सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसडीपीओ रामकृष्ण के नेतृत्व में अंचल निरीक्षक राजीव कुमार और कई थानों की पुलिस टीम ने उनके आवास पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की। प्रमोद सिंह पंचमहला थाना कांड संख्या 27/2026 के नामजद आरोपी थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे।


पुलिस के अनुसार, प्रमोद सिंह पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और 15-20 लोगों के साथ मिलकर पुलिस द्वारा जब्त की गई एक मोटरसाइकिल को जबरन छुड़ाने का आरोप है। संबंधित बाइक उनके घर से बरामद की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को उनके ठिकाने की गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि 23 मई को भी पुलिस प्रमोद सिंह के घर पहुंची थी। उस दौरान पुलिस की कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले में विभागीय कार्रवाई करते हुए दो थाना प्रभारियों को निलंबित किया गया था।
अब फरार चल रहे प्रमोद सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

