चक्रधरपुर, घाटशिला और चांडिल को जिला बनाने की मांग तेज, कांग्रेस नेता फूलकांत झा ने सीएम को भेजा स्मारपत्र

Spread the love

सरायकेला: कांग्रेस के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष फूलकांत झा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को स्मारपत्र भेजकर चक्रधरपुर (पोड़ाहाट), घाटशिला और चांडिल अनुमंडलों को जिला घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के लोगों को आज भी प्रशासनिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

स्मारपत्र में श्री झा ने उल्लेख किया कि चक्रधरपुर अनुमंडल बने लगभग 25 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक इसे जिला का दर्जा नहीं मिला है। पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा, जगन्नाथपुर, नोवामुंडी, मनोहरपुर, गोइलकेरा, मझगांव समेत कई दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए 80 से 100 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे आम जनता को समय पर प्रशासनिक सेवाएं नहीं मिल पातीं।

उन्होंने कहा कि घाटशिला अनुमंडल के बहरागोड़ा, चाकुलिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी जिला मुख्यालय जमशेदपुर तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं करीब 24 वर्ष पुराने चांडिल अनुमंडल के लोगों को भी सरायकेला जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित होते हैं।

फूलकांत झा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मानसून सत्र के दौरान इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए चक्रधरपुर, घाटशिला और चांडिल को नए जिले के रूप में घोषित किया जाए। उनका कहना है कि नए जिलों के गठन से प्रशासन आम जनता के और करीब पहुंचेगा, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी तथा कोल्हान क्षेत्र में सुशासन को मजबूती मिलेगी।